Author: News Editor
-

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव बनाए गए मनीष पासवान
गाज़ीपुर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के लेवर सेल पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन सचिव बनाए गए वरिष्ठ अध्यापक सनबीम गाज़ीपुर के मनीष पासवान।इस मौके पर मनीष पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी को मजबूत करना हमारी प्रथम प्राथमिकता होगी जिस तरह हमारे नेता आदर्श रहे स्वर्गीय रामविलास पासवान जी ने देश के इतिहास में पिछड़े और दलित के साथ दबे कुचले की राजनीति करते हुए बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर पूरे भारत में नाम रोशन करने का काम किया ठीक उसी प्रकार हम अपने नेता चिराग पासवान का समर्थन करते हुए अपने पार्टी को मजबूत करेंगे और स्वर्गीय नेताजी रामविलास पासवान जी के सपनों को और अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे आज पासवान समाज के लोग शिक्षा के प्रति अग्रसर हो रहे हैं और हम चाहते हैं कि जो भी दलित पिछड़े समाज के लोग हैं शिक्षा को प्राप्त करें आने वाला कल विकास पर अग्रसर करने का काम करेगा।मुझ छोटे से कार्यकर्ता को पार्टी प्रमुख द्वारा यह सम्मान प्राप्त हुआ है मैं हमेशा पार्टी के प्रति वफादारी से कार्य करने का काम करूंगा और पार्टी को मजबूत करने के लिए तन मन धन से चलने का भी प्रयास करूंगा। इस अवसर पर प्रदेश सचिव युवा मीडिया प्रभारी पूर्वी उत्तर प्रदेश के रवि पासवान ने पार्टी प्रमुख के प्रति धन्यवाद आभार प्रकट करते हुए कहा कि इतना बड़ा पद और सम्मान एक कार्यकर्ता को देना पार्टी के लिए भविष्य में लाभप्रद साबित होगा।इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक सनबीम गाज़ीपुर मनीष पासवान का सैकड़ों लोगों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया जिनमें राजभवन गहलोत नीतीश आर्य प्रदीप पासवान अनूप पासवान गौरी पासवान दीपक पासवान सहित अन्य लोग शामिल रहे। -

जीवित को मृत बता रोक दी किसान निधि
सलूणी (चंबा)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल सलूणी के तहत आते क्षेत्र में एक जीवित व्यक्ति को मृत करार देने का मामला सामने आया है। आरोप लगाया है राजस्व विभाग पर। दरअसल प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थी को बीते तीन साल से किस्तें नहीं मिलने पर लोक मित्र के जरिये निकाली गई सूचना में यह खुलासा हुआ। अब लाभार्थी अपने जीवित होने का प्रमाण देने के लिए तहसीलदार सलूणी के कार्यालय के चक्कर काटने को विवश है। 56 वर्षीय ब्यासदेव पुत्र गुलालू गांव छमरूंड पंचायत भड़ेला ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9 अगस्त 2020 तक किस्तें मिलती रहीं।
लेकिन, अचानक उसके बाद उन्हें दो हजार रुपये की किस्त मिलना बंद हो गई। राजस्व कार्यालय में जाने पर भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। आखिरकार उन्होंने लोक मित्र केंद्र के जरिये पता चला कि रिकॉर्ड में उन्हें मृत करार दिया गया है। इससे उसके पांव तले जमीन ही खिसक गई। अब उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि जीवित व्यक्ति को किस आधार पर मृत करार दे दिया गया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले की जांच कर उन्हें जीवित ही मृत करार देने वाले कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उपमंडलाधिकारी नागरिक नवीन कुमार शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि मामले की जांच कर ही कुछ कहा जा सकता है।
-

सैंज घाटी के 15 में से 11 ट्रांसफार्मर बहाल
सैंज (कुल्लू)
हिमाचल बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सैंज में बंद पड़े 15 में से 11 ट्रांसफार्मर बहाल कर दिए हैं। इससे लोगों को अंधेरे से राहत मिली है। गाड़ापारली और शांघड़ पंचायत के चार ट्रांसफार्मर अभी बहाल नहीं हो सके हैं। भारी बारिश और पिन पार्वती नदी में आई बाढ़ से सैंज घाटी में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। इससे बिजली बोर्ड को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। लाइन दुरुस्त करने के लिए बोर्ड के सामने कड़ी चुनौती थी। 15 ट्रांसफार्मर और 45 खंभे बाढ़ की भेंट चढ़ने के साथ ही कई जगह तार भी बह गए थे। अधिकतर सड़कों का बाढ़ ने नामोनिशान मिटा दिया था। बावजूद बिजली बोर्ड के मजदूरों ने कड़ी मशक्कत कर बिजली आपूर्ति बहाल की।घाटी के न्यूली क्षेत्र में अभी भी सड़क बहाल नहीं हो पाई है।
-

टैक्सी से भी सस्ता गगल से दिल्ली का हवाई सफर, चार हजार रुपये किराया
धर्मशाला
पर्यटन के ऑफ सीजन में हवाई जहाज से दिल्ली के लिए सफर टैक्सी से भी सस्ता पड़ रहा है। टैक्सी के माध्यम से धर्मशाला से दिल्ली जाने के लिए 13 से 17 हजार रुपये में जहां टैक्सी हायर हो रही है, तो वहीं गगल से हवाई जहाज का किराया चार हजार रुपये से शुरू हो रहा है। दूसरी ओर हवाई जहाज के माध्यम से जहां डेढ़ घंटे में दिल्ली पहुंचा जा सकता है, वहीं टैक्सी के माध्यम से सात से आठ घंटे लगते हैं।जानकारी के अनुसार जुलाई में हिमाचल प्रदेश में आई भयंकर बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के बाद कम संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इसके चलते गगल एयरपोर्ट पर आने वाली हवाई उड़ानों में भी कटौती हुई है। हवाई उड़ानों में कटौती के साथ ही हवाई किराये में भी भारी कमी आई है। यह किराया अब इतना रह गया है कि किसी व्यक्ति को टैक्सी का किराया भी हवाई जहाज की अपेक्षा भारी पड़ेगा।दिल्ली जाने के लिए हवाई जहाज के डेढ़ घंटे के सफर के लिए किराया चार हजार रुपये से शुरू हो रहा है। वहीं धर्मशाला से अगर दिल्ली जाने के लिए किसी टैक्सी को हायर करें तो उसके लिए 13 से 17 हजार रुपये अलग-अलग सीट वाली टैक्सियों के लिए चुकाने होंगे। बहरहाल पर्यटन के ऑफ सीजन में हवाई किराया टैक्सियों के किराये से भी कहीं सस्ता है।
-

चौहान बोले- फोरलेन निर्माण के लिए पहाड़ों की कटिंग और डंपिंग सही नहीं
शिमला उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह ने कहा है कि प्रदेश में फोरलेन निर्माण के लिए गलत तरीके से की जा रही कटिंग और डंपिंग आपदा का कारण बन रही है। उद्योग मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि फोरलेन निर्माण के लिए डंपिंग नदी-नालों में की जा रही। आपदा के बाद अब यह बड़ा सवाल है कि हिमाचल के लिए फोरलेन सही भी हैं या नहीं।
हर्षवर्धन ने कहा कि चंडीगढ़-सोलन, सोलन-शिमला, मनाली-चंडीगढ़ और उनके विधानसभा क्षेत्र का पांवटा-हाटकोटी ग्रीन कॉरिडोर तहस-नहस हो गया है। नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य संतोषजनक नही है। एनएच पर ढाई तीन मीटर से ऊपर डंगे नहीं लगाए जाते। हैवी जेसीबी मशीनों से कटिंग कर 150 मीटर तक पहाड़ काट कर गिर रहे हैं। डंपिंग का कोई सिस्टम नहीं है। नदियों में रेत पत्थर बहुत ज्यादा आ रहा है।
उद्याेगों को आपदा से 300 करोड़ का नुकसान
उन्होंने कहा कि उद्योगों को आपदा से करीब 300 करोड़ का नुकसान हुआ बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़, कालाअंब, पांवटा में सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं, पावर लाइनों और ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचा, बीबीएन में एनएच के पुल बह गए हैं। लेकिन अब स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। उद्योगों के लिए कच्चा माल पहुंचना शुरू हो गया है। तैयार माल भी बाहर जा रहा है। आपदा से निपटने के लिए मुख्यमंत्री की अगुवाई में सरकार युद्धस्तर पर काम कर रही है। आपदा राहत के पिछले कुछ सालों के करीब 1500 करोड़ रुपये केंद्र के पास फंसे हैं। उम्मीद है कि केंद्र सरकार विशेषकर प्रधानमंत्री उदार मदद करेंगे। -

नेपाल में जोरदार बारिश, फिर से उफनाएंगी घाघरा-राप्ती
गोरखपुर।
गोरखपुर जिले में कम लेकिन नेपाल में हो रही जोरदार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। श्रावस्ती जिले में राप्ती बैराज पर जलस्तर बढ़ने की वजह से नदी में 41678 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे अगले 24 घंटे में गोरखपुर-बस्ती मंडल में भी राप्ती और घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।
नेपाल में होने वाली बारिश से ही राप्ती, रोहन, सरयू सहित अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ता है। बताया जा रहा है कि नेपाल में राप्ती नदी के कैचमेंट एरिया ( वह क्षेत्र जिसमें बरसने वाला जल नदियों में आकर मिलता है) में बारिश हो रही है। इस वजह से नदी का पानी बढ़ रहा है।
सिंचाई विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार श्रावस्ती जिले में राप्ती बैराज पर खतरे का निशान 127.750 मीटर है। सोमवार की शाम सात बजे वहां राप्ती का पानी खतरे के निशान से पांच सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था। इस दौरान नदी के कैचमेंट एरिया में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
-

पहाड़ से मैदान तक बरसी आफत, कई लोग बहे, भवन हुए ध्वस्त
देहरादून
उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है। बारिश पहाड़ से मैदान तक कहर बरपा रही है। नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, रुद्रप्रयाग और कोटद्वार में भूस्खलन के कारण भवन ध्वस्त हो गए । नैनीताल और ऋषिकेश में दो लोग उफनाए बरसाती नदी नालों में बह गए।
वहीं, आज राजधानी दून समेत आठ जिलों में भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिले के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर, प्रदेश में 210 सड़कें बंद हैं। बंद सड़कों में 13 मुख्य जिला मार्ग, आठ जिला मार्ग, चार अन्य जिला मार्ग, 90 ग्रामीण सड़कें और 95 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं। सड़कों को खोलने के काम में सोमवार को 185 जेसीबी मशीनों को लगाया गया।
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर मंगलवार सुबह भारी भूस्खलन हो गया। जिसके चलते हाईवे पर रामपुर में होटल जमींदोज हो गया। वहीं, अगस्त्यमुनि से सोनप्रयाग के बीच हाइवे कई जगह पर बाधित है। बताया जा रहा है कि यह होटल शहर का सबसे पुराना होटल था। इसे पहले भी खाली कराया जा चुका था।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोता घाटी में भारी भूस्खलन हो गया। जिससे यहां सड़क का आधा हिस्सा ढह गया। इसके चलते हाईवे पर यातायात बाधित हो गया है। उधर, व्यासी के समीप अटाली गंगा में मलबा आने से हाईवे सोमवार से अवरुद्ध चल रहा है।
नैनीताल में सोमवार देर रात भारी बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश के कारण चोरगलिया में शेर नाला अचानक उफान पर आ गया। इस दौरान एक ग्रामीण नाले के तेज बहाव में बह गया। वहीं, बहाव तेज होने के कारण नाले के दोनों तरफ वाहनों की कतार भी लग गई।
ऋषिकेश में देर रात भारी बारिश के बाद बरसाती नाला उफान पर आ गया। इस दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक बह गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने युवक का शव शिवपुरी से बरामद किया है।
-

कसौटी पर खरा उतरने की आई बारी, स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू
रायबरेली। एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों को साफ सुथरा बनाने में कितने प्रयास किए गए हैं, इसकी कसौटी पर खरा उतरने की बारी आ गई है। जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू हो गया है। सोमवार को केंद्रीय टीम सबसे पहले नगर पंचायत डलमऊ पहुंचकर न सिर्फ लोगों से फीडबैक लिया, बल्कि वार्डों में जाकर स्वयं देखा कि नगर पंचायत को साफ सुथरा बनाए जाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। नगर पालिका परिषद रायबरेली के अलावा नगर पंचायत डलमऊ, परशदेपुर, सलोन, नसीराबाद, शिवगढ़, ऊंचाहार, बछरावां, लालगंज, बछरावां में स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाना है। स्वच्छता सर्वेक्षण पूरा होने के बाद रैकिंग जारी होगी।
चार सदस्यीय केंद्रीय टीम यहां पहुंची और सबसे पहले नगर पंचायत डलमऊ पहुंचकर स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 की शुरुआत की। टीम के सदस्यों ने नगर पंचायत डलमऊ के शेरेनदाजपुर, टिकैतगंज, खटकाना, शेखवाड़ा, चौहट्टा, चौरासी, मियां टोला का जायजा लिया और देखा कि इन मोहल्लों में साफ-सफाई को लेकर क्या कदम उठाए गए हैं। कूड़ा निस्तारण कैसे किया जाता है। कूड़ा किन स्थानों पर डंप किया जाता है। साफ-सफाई दिन में कितनी बार होती है। सफाई कर्मियों का कितना स्टाफ है, इसका फीडबैक नागरिकों से लिया। अधिकारियों से भी साफ-सफाई को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। अन्य नगर पंचायतों में भी केंद्रीय टीम जल्द पहुंचकर स्वच्छता सर्वेक्षण करेगी। -

ऑटो चालक ने चिकित्सक पर लगाया मारपीट का आरोप।
ऊंचाहार। रायबरेली। बच्चों को विद्यालय ले जा रहे टेंपो चालक द्वारा साइड न देने पर नाराज चिकित्सक ने टेंपो के आगे बाइक लगाकर टेंपो रुकवा कर उसके साथ डंडों से मारपीट की गई। पीढ़ी टेंपो चालक ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। अरखा निवासी सुमित कुमार का कहना है कि सोमवार की सुबह वह टेंपो से बच्चों को लेकर कस्बा स्थित विद्यालय जा रहा था। तभी पूरे किशुनी मजरे अरखा गांव के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार चिकित्सक ने साइड मांगा। जगह के अभाव में टेंपो चालक साइड नहीं दे सका। जगह मिलने पर जैसे ही टेंपो चालक ने बाइक सवार चिकित्सक को पास दिया तभी चिकित्सक ने बाइक टेंपो के आगे लगाकर टेंपो रोक ली। और सड़क किनारे पेड़ से डंडा तोड़कर सरेआम उसकी पिटाई कर दी। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है, घटना की जांच कराई जा रही है। -

रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
ऊंचाहार। रायबरेली। लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक के बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।बंधवा मजरे अरखा निवासी राम लखन सोमवार की सुबह किसी आवश्यक कार्य से ऊंचाहार कस्बा आया हुआ था। जहां से वापस घर लौट रहा था। तभी लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। और कुछ ही पलों में उसके प्राण पखेरू उड़ गए। वहीं बस चालक बस लेकर मौके से भागने में कामयाब रहा। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद बस चालक पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।