कसौटी पर खरा उतरने की आई बारी, स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू

कसौटी पर खरा उतरने की आई बारी, स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू

रायबरेली। एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों को साफ सुथरा बनाने में कितने प्रयास किए गए हैं, इसकी कसौटी पर खरा उतरने की बारी आ गई है। जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू हो गया है। सोमवार को केंद्रीय टीम सबसे पहले नगर पंचायत डलमऊ पहुंचकर न सिर्फ लोगों से फीडबैक लिया, बल्कि वार्डों में जाकर स्वयं देखा कि नगर पंचायत को साफ सुथरा बनाए जाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। नगर पालिका परिषद रायबरेली के अलावा नगर पंचायत डलमऊ, परशदेपुर, सलोन, नसीराबाद, शिवगढ़, ऊंचाहार, बछरावां, लालगंज, बछरावां में स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाना है। स्वच्छता सर्वेक्षण पूरा होने के बाद रैकिंग जारी होगी।
चार सदस्यीय केंद्रीय टीम यहां पहुंची और सबसे पहले नगर पंचायत डलमऊ पहुंचकर स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 की शुरुआत की। टीम के सदस्यों ने नगर पंचायत डलमऊ के शेरेनदाजपुर, टिकैतगंज, खटकाना, शेखवाड़ा, चौहट्टा, चौरासी, मियां टोला का जायजा लिया और देखा कि इन मोहल्लों में साफ-सफाई को लेकर क्या कदम उठाए गए हैं। कूड़ा निस्तारण कैसे किया जाता है। कूड़ा किन स्थानों पर डंप किया जाता है। साफ-सफाई दिन में कितनी बार होती है। सफाई कर्मियों का कितना स्टाफ है, इसका फीडबैक नागरिकों से लिया। अधिकारियों से भी साफ-सफाई को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। अन्य नगर पंचायतों में भी केंद्रीय टीम जल्द पहुंचकर स्वच्छता सर्वेक्षण करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *