सामाजिक न्याय मंत्रालय का ऐतिहासिक कार्यक्रम सम्पन्न, देश के 22 विश्वविद्यालयों के साथ हुआ MoU -*अजीत तेवतिया
संवाददाता – संतोष कुमार चतुर्वेदी
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (N.I.S.D.) की ओर से शनिवार को राजधानी नई दिल्ली में MoU Exchange Ceremony का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान और देशभर के 22 विश्वविद्यालयों व संस्थानों के बीच समझौता पत्रों (MoU) का आदान-प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय “सामाजिक रक्षा के लिए साझेदारी को मजबूत करना – क्षमता निर्माण और समावेशी विकास” रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मंत्रालय के अधिकारियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और अवसर पहुंचे। सामाजिक रक्षा केवल एक विभाग का काम नहीं है, यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति, वृद्धजन सेवा, दिव्यांगजन कल्याण, भिक्षावृत्ति उन्मूलन और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में विश्वविद्यालयों की भागीदारी से एक बड़ा बदलाव आएगा। युवा शक्ति जब सामाजिक कार्यों से जुड़ेगी तो भारत आत्मनिर्भर और समावेशी समाज की ओर तेजी से बढ़ेगा।
मंत्री जी ने सभी विश्वविद्यालयों और संस्थानों को बधाई देते हुए कहा कि यह MoU केवल कागजों पर हस्ताक्षर नहीं है, बल्कि यह सामाजिक परिवर्तन का संकल्प है।
इस अवसर पर मंत्रालय के जनरल काउंसिल मेंबर अजीत तेवतिया ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रालय ने देश के 22 यूनिवर्सिटी और संस्थानों के साथ मिलकर MoU किया है, ताकि मंत्रालय की सभी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत विश्वविद्यालयों और मंत्रालय के बीच कई स्तरों पर काम होगा।
MoU के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- छात्रों को प्रशिक्षण और इंटर्नशिप: विश्वविद्यालयों के छात्र सामाजिक न्याय से जुड़े कार्यक्रमों में सीधे भाग लेंगे। उन्हें फील्ड में काम करने का अनुभव मिलेगा।
- योजनाओं का प्रचार-प्रसार: मंत्रालय की नशा मुक्त भारत अभियान, वयोश्री योजना, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृद्धजन देखभाल जैसी सभी योजनाओं को विश्वविद्यालयों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
- रिसर्च और क्षमता निर्माण: सामाजिक समस्याओं पर शोध होगा और शिक्षकों व छात्रों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- जागरूकता अभियान: कॉलेजों में सेमिनार, वर्कशॉप, रैली और कैंप लगाकर युवाओं को जागरूक किया जाएगा।
- समावेशी विकास: समाज के वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
अजीत तेवतिया ने कहा
कि आज का दिन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में ऐतिहासिक है। पहले मंत्रालय की योजनाएं सिर्फ सरकारी दफ्तरों तक सीमित थीं, लेकिन अब विश्वविद्यालयों के जुड़ने से ये योजनाएं लाखों युवाओं और करोड़ों लोगों तक पहुंचेंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (N.I.S.D.) आने वाले समय में और भी विश्वविद्यालयों के साथ ऐसे समझौते करेगा।
देशभर से पहुंचे विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से विश्वविद्यालयों के कुलपति, निदेशक, रजिस्ट्रार, प्रोफेसर और शोध छात्र मौजूद रहे। सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने मंच पर आकर MoU का आदान-प्रदान किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान N.I.S.D. की ओर से सामाजिक रक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें मंत्रालय की योजनाओं और उपलब्धियों को दिखाया गया।
समाज के लिए नई शुरुआत
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने संकल्प लिया कि वे सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास के लिए मिलकर काम करेंगे। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह साझेदारी भारत को नशा मुक्त, भेदभाव मुक्त और सशक्त समाज बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों के सामूहिक फोटो के साथ हुआ।
