राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान लुधियाना में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया
हरियाणा/हिसार (राजेश सलूजा) : कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के 5वें कौशल दीक्षांत समारोह के अंतर्गत राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (NSTI) लुधियाना के मिनी ऑडिटोरियम में शिल्प प्रशिक्षक प्रशिक्षण योजना (CITS) एवं शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) के उत्कृष्ट विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण महानिदेशालय द्वारा लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ NSTI लुधियाना के संयुक्त निदेशक राजेश मीना द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया। इसके उपरांत संस्थान के ट्रेनीज द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। समारोह में प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ट्रेनीज को सम्मानित किया गया।
संयुक्त निदेशक राजेश मीना ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करता है। आज के समय में तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में युवाओं को अपने कौशल को निखारकर नए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
सहायक निदेशक जगदीप सिंह ने कहा कि ट्रेनीज ने अपनी-अपनी ट्रेड में अच्छा अनुभव प्रदर्शित करके संस्थान का नाम रोशन किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने अपने तकनीकी कौशल, मेहनत और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनके द्वारा प्रस्तुत कार्यों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान की झलक देखने को मिली।प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। संस्थान के अनुदेशक एवं अधिकारी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ट्रेनीज में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही अन्य प्रशिक्षुओं को भी भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में सहायक निदेशक जगदीप सिंह, अनुदेशक शिवी जोशी, अनुदेशक सुभाष चंद्र, अनुदेशक मनजीत सिंह, अनुदेशक संजय कुमार, अनुदेशक रमेश कुमार, अनुदेशक ममता फ़ार्ले, अनुदेशक सहदेव तथा अनुदेशक बलविंदर सिंह सहित संस्थान के अधिकारी, अनुदेशक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
