आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कड़कड़डूमा गाँव, पूर्वी जिला, दिल्ली
पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अंतर्गत लगभग 653 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
परिवार कल्याण निदेशालय, दिल्ली सरकार के निर्देशानुसार आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को दिल्ली सरकार के सभी अस्पतालों, औषधालयों, डिस्पेंसरियों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों जैसे बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों, मंदिरों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में महानिदेशालय स्वास्थ्य सेवाएँ, दिल्ली सरकार के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कड़कड़डूमा गाँव, पूर्वी जिला में भी पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पोलियो टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए। इस अभियान के तहत औषधालय परिसर, आंगनवाड़ी केंद्रों, मेट्रो स्टेशन एवं मंदिरों में टीकाकरण बूथ लगाकर शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
इस अभियान का सफल संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (MOIC) डॉ. सचिन हरित के कुशल निर्देशन में किया गया। अभियान में ऋतु एएनएम, सुनीता नेगी एएनएम, 19 आशा कार्यकर्ताओं, नियांग लाल तथा ड्रेसर अवतार सिंह ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। सभी स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।
इस अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कड़कड़डूमा गाँव के क्षेत्राधिकार में लगभग 653 शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाई गईं।
इस सफल आयोजन पर मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी, डॉ. संदीप गौतम जी ने स्वास्थ्य टीम के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण, तत्परता एवं बढ़-चढ़कर जनस्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखना तथा दिल्ली को पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूत करना रहा।
जनहित में संदेश: पोलियो की दो बूंदें, हर बच्चे के सुरक्षित भविष्य की गारंटी।
अवतार सिंह ड्रेसर
आयुष्मान आरोग्य मंदिर
कड़कड़डूमा गाँव, पूर्वी जिला, दिल्ली
