Tag: AAJ KI TAJA NEWS

  • नेपाल में जोरदार बारिश, फिर से उफनाएंगी घाघरा-राप्ती

    नेपाल में जोरदार बारिश, फिर से उफनाएंगी घाघरा-राप्ती

    गोरखपुर।

    गोरखपुर जिले में कम लेकिन नेपाल में हो रही जोरदार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। श्रावस्ती जिले में राप्ती बैराज पर जलस्तर बढ़ने की वजह से नदी में 41678 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे अगले 24 घंटे में गोरखपुर-बस्ती मंडल में भी राप्ती और घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।

    नेपाल में होने वाली बारिश से ही राप्ती, रोहन, सरयू सहित अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ता है। बताया जा रहा है कि नेपाल में राप्ती नदी के कैचमेंट एरिया ( वह क्षेत्र जिसमें बरसने वाला जल नदियों में आकर मिलता है) में बारिश हो रही है। इस वजह से नदी का पानी बढ़ रहा है।

    सिंचाई विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार श्रावस्ती जिले में राप्ती बैराज पर खतरे का निशान 127.750 मीटर है। सोमवार की शाम सात बजे वहां राप्ती का पानी खतरे के निशान से पांच सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था। इस दौरान नदी के कैचमेंट एरिया में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

  • पहाड़ से मैदान तक बरसी आफत, कई लोग बहे, भवन हुए ध्वस्त

    पहाड़ से मैदान तक बरसी आफत, कई लोग बहे, भवन हुए ध्वस्त

    देहरादून

    उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है। बारिश पहाड़ से मैदान तक कहर बरपा रही है। नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, रुद्रप्रयाग और कोटद्वार में भूस्खलन के कारण भवन ध्वस्त हो गए । नैनीताल और ऋषिकेश में दो लोग उफनाए बरसाती नदी नालों में बह गए।

    वहीं, आज राजधानी दून समेत आठ जिलों में भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिले के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    उधर, प्रदेश में 210 सड़कें बंद हैं। बंद सड़कों में 13 मुख्य जिला मार्ग, आठ जिला मार्ग, चार अन्य जिला मार्ग, 90 ग्रामीण सड़कें और 95 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं। सड़कों को खोलने के काम में सोमवार को 185 जेसीबी मशीनों को लगाया गया।

    रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर मंगलवार सुबह भारी भूस्खलन हो गया। जिसके चलते हाईवे पर रामपुर में होटल जमींदोज हो गया। वहीं, अगस्त्यमुनि से सोनप्रयाग के बीच हाइवे कई जगह पर बाधित है। बताया जा रहा है कि यह होटल शहर का सबसे पुराना होटल था। इसे पहले भी खाली कराया जा चुका था।

    ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोता घाटी में भारी भूस्खलन हो गया। जिससे यहां सड़क का आधा हिस्सा ढह गया। इसके चलते हाईवे पर यातायात बाधित हो गया है। उधर, व्यासी के समीप अटाली  गंगा में मलबा आने से हाईवे सोमवार से अवरुद्ध चल रहा है।

    नैनीताल में सोमवार देर रात भारी बारिश से जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश के कारण चोरगलिया में शेर नाला अचानक उफान पर आ गया। इस दौरान एक ग्रामीण नाले के तेज बहाव में बह गया। वहीं, बहाव तेज होने के कारण नाले के दोनों तरफ वाहनों की कतार भी लग गई।

    ऋषिकेश में देर रात भारी बारिश के बाद बरसाती नाला उफान पर आ गया। इस दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक युवक बह गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने युवक का शव शिवपुरी से बरामद किया है।

  • कसौटी पर खरा उतरने की आई बारी, स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू

    कसौटी पर खरा उतरने की आई बारी, स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू

    रायबरेली। एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों को साफ सुथरा बनाने में कितने प्रयास किए गए हैं, इसकी कसौटी पर खरा उतरने की बारी आ गई है। जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 शुरू हो गया है। सोमवार को केंद्रीय टीम सबसे पहले नगर पंचायत डलमऊ पहुंचकर न सिर्फ लोगों से फीडबैक लिया, बल्कि वार्डों में जाकर स्वयं देखा कि नगर पंचायत को साफ सुथरा बनाए जाने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। नगर पालिका परिषद रायबरेली के अलावा नगर पंचायत डलमऊ, परशदेपुर, सलोन, नसीराबाद, शिवगढ़, ऊंचाहार, बछरावां, लालगंज, बछरावां में स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाना है। स्वच्छता सर्वेक्षण पूरा होने के बाद रैकिंग जारी होगी।
    चार सदस्यीय केंद्रीय टीम यहां पहुंची और सबसे पहले नगर पंचायत डलमऊ पहुंचकर स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 की शुरुआत की। टीम के सदस्यों ने नगर पंचायत डलमऊ के शेरेनदाजपुर, टिकैतगंज, खटकाना, शेखवाड़ा, चौहट्टा, चौरासी, मियां टोला का जायजा लिया और देखा कि इन मोहल्लों में साफ-सफाई को लेकर क्या कदम उठाए गए हैं। कूड़ा निस्तारण कैसे किया जाता है। कूड़ा किन स्थानों पर डंप किया जाता है। साफ-सफाई दिन में कितनी बार होती है। सफाई कर्मियों का कितना स्टाफ है, इसका फीडबैक नागरिकों से लिया। अधिकारियों से भी साफ-सफाई को लेकर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। अन्य नगर पंचायतों में भी केंद्रीय टीम जल्द पहुंचकर स्वच्छता सर्वेक्षण करेगी।

  • ऑटो चालक ने चिकित्सक पर लगाया मारपीट का आरोप।

    ऑटो चालक ने चिकित्सक पर लगाया मारपीट का आरोप।

    ऊंचाहार। रायबरेली।  बच्चों को विद्यालय ले जा रहे टेंपो चालक द्वारा साइड न देने पर नाराज चिकित्सक ने टेंपो के आगे बाइक लगाकर टेंपो रुकवा कर उसके साथ डंडों से मारपीट की गई। पीढ़ी टेंपो चालक ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। अरखा निवासी सुमित कुमार का कहना है कि सोमवार की सुबह वह टेंपो से बच्चों को लेकर कस्बा स्थित विद्यालय जा रहा था। तभी पूरे किशुनी मजरे अरखा गांव के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार चिकित्सक ने साइड मांगा। जगह के अभाव में टेंपो चालक साइड नहीं दे सका। जगह मिलने पर जैसे ही टेंपो चालक ने बाइक सवार चिकित्सक को पास दिया तभी चिकित्सक ने बाइक टेंपो के आगे लगाकर टेंपो रोक ली। और सड़क किनारे पेड़ से डंडा तोड़कर सरेआम उसकी पिटाई कर दी। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है, घटना की जांच कराई जा रही है।
  •  रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

     रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

    ऊंचाहार। रायबरेली।  लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक के बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
           बंधवा मजरे अरखा निवासी राम लखन सोमवार की सुबह किसी आवश्यक कार्य से ऊंचाहार कस्बा आया हुआ था। जहां से वापस घर लौट रहा था। तभी लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। और कुछ ही पलों में उसके प्राण पखेरू उड़ गए। वहीं बस चालक बस लेकर मौके से भागने में कामयाब रहा। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद बस चालक पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
  •  रेलवे स्टेशन से स्प्लेंडर बाइक चोरी 

     रेलवे स्टेशन से स्प्लेंडर बाइक चोरी 

    ऊंचाहार। रायबरेली। भाई को रेल गाड़ी पर बैठाने आए युवक की रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी हो गई। खोजबीन के बावजूद भी कहीं अता-पता ना चलने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। नेवादा, बाबूगंज निवासी अमरेश कुमार ने बताया कि रविवार की शाम वह ऊंचाहार एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहा था। जिसे उसका भाई उमेश कुमार पटेल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लेकर कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी पर बैठाने आया हुआ था। मोटरसाइकिल रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी कर भाई को ट्रेन पर बैठा नहीं चला गया। इसी बीच उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद भी कहीं अता-पता ना चलने पर सोमवार की सुबह पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि बाइक का पता लगाया जा रहा है।
  • एनएचएआई, बिजली परियोजना और खनन को ठहराया तबाही का जिम्मेदार, राष्ट्रपति को भेजा पत्र

    एनएचएआई, बिजली परियोजना और खनन को ठहराया तबाही का जिम्मेदार, राष्ट्रपति को भेजा पत्र

    कुल्लू

    जिला कुल्लू में आठ से 11 जुलाई तक हुई भारी बारिश और बाढ़ से मची तबाही के जख्म एक माह भी हरे हैं। इसके लिए हिमालय नीति अभियान ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का पत्र लिख इस तबाही के लिए एनएचएआई, राज्य सरकार और पनबिजली परियोजनाओं के अवैज्ञानिक निर्माण को जिम्मेदार ठहयाया है। कहा कि एनएचएआई ने किरतपुर से मनाली तक अवैध रूप से जगह-जगह मलबा डंप किया।

    वहीं पहाड़ियों को काटने के साथ-साथ नदियों में इतनी अधिक मात्रा में मलबा निस्तारण डंपिंग साइट के उचित प्रबंधन के बगैर किया जा रहा है। परियोजना निर्माण की गति में तेजी उचित भौगोलिक संज्ञान के बगैर अवैज्ञानिक रूप से लाई जा रही है। हिमालय नीति अभियान के अध्यक्ष कुलभूषण उपमन्यु और संयोजक गुमान सिंह ने राष्ट्रपति काे भेजे गए पत्र में कहा कि सड़क के चौड़ीकरण के दौरान कई हिस्सों में खड़ी पहाड़ी काटने से भूस्खलन में वृद्धि की है।

    इसके अलावा बिजली प्रोजेक्टों के बांधों से बिना किसी सूचना के बड़ी मात्रा में पानी को छोड़ा जाना भी तबाही का कारण है। वहीं विकास के लिए सरकार, कारोबारियों और आम लोगों द्वारा नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किए गए हैं। साथ ही ब्यास किनारे में खनन भी नदी के प्रवाह में बदलाव का कारण बना है। इसने भी बाढ़ के प्रभाव को बढ़ाने में योगदान दिया है।

    गुमान सिंह ने कहा कि 1992 में योजना आयोग द्वारा डॉ. एसजे कासिम की अध्यक्षता में गठित विशेष विशेषज्ञ समूह की रिपोर्ट में हिमालय में विकास के लिए दिशा-निर्देश प्रस्तुत किए गए थे। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त 2009 की अवय शुक्ल समिति की सिफारिशों को भी प्रभावी ढंग से कार्यान्वित नहीं किया गया है। इस तरह की घटनाओं के कारणों का आकलन और सत्यापन करने तथा संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए एक जांच आयोग बनाया जाए।

  • फ्लैट में लगी आग, कमरे में फंसे युवक को गेट तोड़कर बचाया

    फ्लैट में लगी आग, कमरे में फंसे युवक को गेट तोड़कर बचाया

    ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की श्रीराधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर टी-9 के फ्लैट में रविवार सुबह आग लग गई। आग में एक युवक अंदर फंस गया जबकि दूसरा किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गया। बाहर निकले युवक ने अन्य निवासियों की मदद से फ्लैट के कमरे का गेेट तोड़कर दोस्त को बचाया। सोसोइटी निवासियों ने पानी का इंतजाम कर आग पर काबू पाया। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी का फायर सिस्टम खराब है। हादसे के दौरान फ्लैट के अंदर स्प्रिंक्लर भी नहीं चले। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

    सोसाइटी के टावर-9 में अभिषेक शर्मा का 12वें फ्लोर पर फ्लैट है। फ्लैट में उनके दोस्त मृदुल और सिद्धार्थ रहते हैं। रविवार की सुबह जब दोनों उठे तो कमरे में आग लगी थी। आग फ्लैट के डाइनिंग एरिया समेत अन्य हिस्सों में पहुंच गई। मृदुल किसी तरह फ्लैट के बाहर आ गया, लेकिन सिद्धार्थ कमरे में फंस गया। धुंआ देखकर आसपास के निवासी और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। मृदुल ने लोगों की मदद से गेट तोड़कर सिद्धार्थ को बाहर निकाला। उसके बाद आग पर काबू पानी की कोशिश की। आरोप है कि आग से फ्लैट के अंदर लगे स्प्रिंक्लर नहीं चले। जिस कारण आग फैल गई। बाद में निवासियों ने बाथरुम और अन्य फ्लैटों से पानी लाकर आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये का सामान जल गया है। वहीं घटना के बाद से निवासियों में बिल्डर के खिलाफ काफी रोष है। उधर आग पर काबू पाने के काफी देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

  • यूपी में सबसे बेहतर होगा जिले का सरकारी अस्पताल-उप मुख्यमंत्री

    यूपी में सबसे बेहतर होगा जिले का सरकारी अस्पताल-उप मुख्यमंत्री

    नोएडा। जिले के सरकारी अस्पताल को उत्तर प्रदेश के सबसे बेहतर अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। मॉडल अस्पताल बनाने के लिए पैथोलॉजी जांच की सुविधा बढ़ाने से लेकर नए डॉक्टरों और स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। वहीं, सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई को दिल्ली-एनसीआर का सर्वश्रेष्ठ अस्पताल बनाया जाएगा। रविवार को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में आधुनिक टीकाकरण केंद्र व नियोनेटल इंटेसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) और सेक्टर-30 चाइल्ड पीजीआई में बीएसएल-3 लैब का उद्घाटन करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यह घोषणा की।

    उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जनपद सरकार के लिए महत्वपूर्ण है। राजधानी दिल्ली से सटा होने के कारण यहां दिल्ली-एनसीआर से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। किसी भी बीमारी का मरीज उपचार और दवाओं के बिना अस्पताल से मायूस होकर नहीं लौटना पड़े और निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़े, इसके लिए सरकार सुविधाएं विकसित करने पर जोर दे रही हैं। जिला अस्पताल में जांच और उपचार के लिए चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने चाइल्ड पीजीआई के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। पीजीआई प्रशासन को इस संबंध में प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भंगेल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बेड का महिला अस्पताल जल्द शुरू करने की बात भी कही। इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जर्नादन सिंह, स्वास्थ्य विभाग मेरठ संभाव की अतिरिक्त निदेशक डॉ. अर्चना त्यागी मौजूद रहे।

  • गुरुग्राम से हटाई गई धारा 144

    गुरुग्राम से हटाई गई धारा 144

    गुरुग्राम  जिलाधीश निशांत कुमार यादव ने 31 जुलाई को नूंह जिला में हुए सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर गुरुग्राम जिला में लागू धारा 144 को हटाने के आदेश जारी किए गए हैं।

    जारी आदेशों में कहा गया है कि 31 जुलाई को नूंह जिला में हुए सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर गुरुग्राम में अब, वर्तमान स्थिति के सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद और विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर, यह देखा गया है कि जिला गुरुग्राम में सामान्य स्थिति वापस आ गई है और सीआरपीसी की धारा 144 के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को जारी रखने की कोई आवश्यकता नहीं है।

    जारी आदेशों में सभी नागरिकों को सलाह दी गयी है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। प्रशासन अपने निवासियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और शांति भंग करने के किसी भी प्रयास या सांप्रदायिक सद्भाव को खतरे में डालने वाले कृत्यों से कानून की पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।