Category: Accidents

  • सुबह-सुबह रफ्तार का कहर, नहर में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

    सुबह-सुबह रफ्तार का कहर, नहर में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

    एटा कोतवाली देहात क्षेत्र के मरथरा के पास काली नदी से निकलकर तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित कार पलट गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत होने गई।

    उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सुबह-सुबह बड़ा  हादसा हो गया। एक कार बेबर बैराज नहर में गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू के बाद शवों को बाहर निकाला।

    बताया गया है कि कासगंज जिले के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव अंडुआ निवासी कुछ लोग महिला का इलाज कराने के लिए एटा लेकर आ रहे थे, तभी काली नदी का पुल पार करने के बाद तीव्र मोड़ पर कारअनियंत्रित होकर बेबर बैरज नहर में गिर गई। सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व राहगीरों की सहायता से गाड़ी में फंसे लोगों को निकाला गया।  सभी को तत्काल ही एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

    मृतकों के नाम विनीता पत्नी नीरज, तेजेंद्र पुत्र जमुना प्रसाद, संतोष पुत्र तेजेंद्र, शिवम पुत्र राकेश और नीरज पुत्र जोधा सिंह बताए गए हैं। पांचों मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं।

  • मालगाड़ी पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं, 10 घंटे बाद रेल यातायात बहाल

    मालगाड़ी पटरी से उतरी, कोई हताहत नहीं, 10 घंटे बाद रेल यातायात बहाल

    जबलपुर। मध्य प्रदेश में नरसिंहपुर और करेली रेलवे स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिससे इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पश्चिम-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नरसिंहपुर जिले में शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हादसे के कारण जबलपुर-इटारसी अपलाइन पर रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।

    श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े नौ बजे तक इस लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह से बहाल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर और करेली रेलवे स्टेशन के बीच मालगाड़ी की ब्रेक वैन (आखिरी डिब्बा) पटरी से उतर गई। इटारसी देश के सबसे व्यस्त रेलवे जंक्शन में से एक है।

  • भूस्खलन से बंदला सड़क के पूरी तरह अवरुद्ध होने का खतरा

    भूस्खलन से बंदला सड़क के पूरी तरह अवरुद्ध होने का खतरा

    बिलासपुर।

    साथ लगती बंदलाधार में बंदला और चनालग गांव के बीच भूस्खलन से सड़क के पूरी तरह बंद होने का खतरा पैदा हो गया है। समय पर इसकी मरम्मत नहीं हुई तो यहां बड़ा हादसा भी हो सकता है। पंचायत और ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से इस स्थान पर शीघ्र मरम्मत करने की मांग की है।
    बारिश के कारण जिले भर में नुकसान हो रहा है। बंदला सड़क पर चनालग के पास रात के समय भूस्खलन से सड़क ढहने का खतरा बन गया है। मलबा करीब 100 फीट नीचे जा पहुंचा है। यदि शीघ्र कदम नहीं उठाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। जिस जगह मलबा गिर रहा है, वहां पर लोग घास काटते हैं और आते-जाते रहते हैं। इस कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

    बता दें कि इस सड़क पर एचआरटीसी के कई रूट चलते हैं। साथ ही कुछ एक निजी बसें भी जाती हैं। जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है, यदि वहां पर और भूस्खलन होता है तो पूरी सड़क ढह जाएगी। इससे यह सड़क पूरी तरह बंद हो जाएगी। लोगों को मुख्यालय के लिए वाया ब्रह्मपुखर से सफर करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से इसे शीघ्र सही करने की मांग की है।
    पंचायत प्रधान सतीश ठाकुर ने कहा कि भूस्खलन वाले स्थान पर खतरा बहुत बढ़ गया है। यदि कोई मालवाहक वाहन यहां से गुजरता है तो भारी वजन के कारण तो बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए विभाग को शीघ्र इसका समाधान करना चाहिए। अधिशासी अभियंता मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने इसके लिए सहायक अभियंता से बात की है, शीघ्र ही समस्या का समाधान किया जाता है।

  • बिलासपुर में बड़ा सड़क हादसा, 500 फीट नीचे खाई में गिरी कार

    बिलासपुर में बड़ा सड़क हादसा, 500 फीट नीचे खाई में गिरी कार

    बिलासपुर

    नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली पर शनिवार सुबह स्वारघाट के समीप धारकांशी में सुबह साढ़े चार बजे एक दिल्ली नंबर की कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार (DL 3 CCT 5269) सवार तीनों लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान सचिन और उसका दोस्त पिंटू व खुशी के तौर पर हुई है। सभी नोएडा दिल्ली निवासी बताए जा रहे हैं।

    घटनास्थल पर ही तीनों ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर करीब 500 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही स्वारघाट थाना के पुलिस प्रभारी राजेश वर्मा और उनकी टीम के एएसआई मनसू राम, हवलदार रिंपी, और एनडीआरएफ स्वारघाट की टीम को गहरी खाई से शव निकालने के लिए कड़ी मशक्क्त करनी पड़ी।

  • बदरीनाथ हाईवे कई जगह खुला, कर्णप्रयाग-रानीखेत हाईवे के पास धंसी सड़क

    बदरीनाथ हाईवे कई जगह खुला, कर्णप्रयाग-रानीखेत हाईवे के पास धंसी सड़क

    चमोली

    प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से जगह-जगह मार्ग बंद हो गए हैं। रुद्रप्रयाग-गौरीकुण्ड राष्ट्रीय राजमार्ग में भी मलबा आ गया है। विभाग की ओर से मार्ग को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। राज्यभर में 313 मार्ग बंद हुए हैं। टिहरी में लक्ष्मोली हिसरियाखाल जामणीखाल, तुणगी भटकोट मोटर मार्ग एवं गौमुख डोम मोटर मार्ग सहित कई मार्गों में मलबा आया है।

    गैरसैंण के पास कालीमाटी में धंसी सड़क
    चमोली जिले के कर्णप्रयाग गैरसैंण के पास काली माटी में कर्णप्रयाग-रानीखेत हाईवे सड़क धंसने से बंद हो गया है। यहां पर सड़क के नीचे भूस्खलन होने से करीब 15 मीटर सड़क धंस गई है। जिससे कर्णप्रयाग व गैरसैंण की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। हाईवे के दोनों ओर कई वाहन फंसे हैं। चमोली पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से कार्यदाई संस्था को अवगत करा दिया गया है। एनएच के एई अंकित सागवान ने कहा कि कालीमाटी में सड़क का निरीक्षण करने के लिए मौके पर जेई को भेज दिया गया है।

    बदरीनाथ हाईवे नंदप्रयागपीपलकोटीपागल नाला में अवरुद्ध
    बदरीनाथ हाईवे नंदप्रयाग, पीपलकोटी, छिनका और पागल नाले में सुचारु हो गया है। यहां जेेसीबी से मलबे का निस्तारण किया गया, लेकिन अभी तक टंगड़ी में हाईवे बाधित है, जिसे खोलने का काम जारी है। बीती रात हुई भारी बारिश के बाद बदरीनाथ हाईवे नंदप्रयाग, पीपलकोटी, पागल नाला में अवरुद्ध हो गया था। हाईवे के दोनों ओर यात्रा वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। हाईवे पर करीब 1500 तीर्थयात्री और स्थानीय लोग फंसे हुए थे।  जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि हाईवे को जल्द ही वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारू कर दिया जाएगा।

  • नौगांव के द्वारासेरी तोक में दुर्घटना को न्योता दे रहा पोल

    नौगांव के द्वारासेरी तोक में दुर्घटना को न्योता दे रहा पोल

    नौगांव (उत्तरकाशी)। थली मोटर मार्ग से लगे द्वारासेरी तोक में स्थित पुरोला क्षेत्र को जोड़ने वाली 33 केवी विद्युत लाइन का पोल दुर्घटना को न्योता दे रहा है। यहां से प्रति दिन कई बच्चे नौगांव स्कूल जाते हैं।
    प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत थली गांव के लिए सड़क बन रही है जिसकी कटिंग से 33 केवी लाइन का विद्युत पोल जमीन से खोकली हो गया है जो हवा में लटक रहा है। विभाग की लापरवाही यह है कि पोल वाली जगह पर न तो कोई सुरक्षात्मक कार्य किया गया है और न ही इसे शिफ्ट किया गया है।

    नियमानुसार सड़क कटिंग से पूर्व विद्युत पोल को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया जाना था। ऊर्जा निगम के एसडीओ अजय सेमवाल का कहना है कि पीएमजीएसवाई को पोल शिफ्टिंग का आकलन भेजा गया है। शिफ्टिंग चार्ज का पैसा अभी तक जमा नहीं हुआ है। पोल को शीघ्र दिखवा कर शिफ्टिंग की कार्रवाई की जाएगी। प्रधान अमीन सिंह ने बताया कि पोल जमीन से खोकला हो चुका है जो कभी भी गिर सकता है। ऐसी स्थिति में यहां से गुजरने वाले लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं।

  • मलबे में रपटी केमू की बस, बाल-बाल बचे यात्री

    मलबे में रपटी केमू की बस, बाल-बाल बचे यात्री

    अल्मोड़ा। हल्द्वानी से खेती धूरा मलाण जा रही केमू की बस मंगलवार की सुबह खेती मलाण मोटर मार्ग पर धूरा बैंड के पास सड़क के मलबे में रपट कर धंस गई। इससे बस में सवार 25 यात्रियों में चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को सकुशल बस से बाहर निकाला जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।

    केमू की बस संख्या यूके- 08 पीए 1226 मंगलवार को हल्द्वानी से खेती धूरा मलाण जा रही थीं। धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत खेती मलाण मोटर मार्ग पर धूरा बैंड के पास बस सड़क के मलबे में रपटने से धंस कर तिरछी हो गई। इससे बस में सवार स्कूली बच्चों समेत 25 यात्री सवार थे। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विरेंद्र सिंह मलारा, युगल तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को सूचना दी। इसके बाद जेसीबी मौके पर पहुंची और तिरछी बस को सीधा किया। विरेंद्र और युगल ने बताया कि बारिश में सड़क की स्थिति खराब हो गई है। इससे आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। बचाव कार्य में प्रकाश रावत, गोपाल दत्त जोशी, महेंद्र बिष्ट, सोनू तिवारी, विनोद जोशी, हरीश जोशी, दिवान मेहरा, दिवान बिष्ट, बालम सिंह ने सहयोग किया।

  • चमोली में बड़ा हादसा, नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर फैला करंट, दरोगा समेत 16 की मौत, कई झुलसे

    चमोली में बड़ा हादसा, नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर फैला करंट, दरोगा समेत 16 की मौत, कई झुलसे

    चमोली

    उत्तराखंड के चमोली में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। चमोली बाजार के पास नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैल गया। दर्दनाक हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग बुरी तरह झुलसे हैं। हादसे में पीपलकोटी चौकी प्रभारी प्रदीप रावत और होमगार्ड मुकंदीलाल भी शामिल हैं। चमोली आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं सात लोग झुलसे हैं।  हादसे में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

    जानकारी के अनुसार, चमोली में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर काम चल रहा है। बुधवार को जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त साइट पर 24 लोग मौजूद थे, झुलसे से करीब 16 लोगों की मौत हुई है।

    मीटर के तारों से फैला करंट

    चमोली के ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि बीती रात को बिजली का तीसरा फेस डाउन हो गया था। बुधवार को सुबह तीसरे फेज को जोड़ा गया, जिसके बाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में करंट दौड़ गया। ट्रांसफार्मर से लेकर मीटर तक कहीं एलटी और एसटी के तार नहीं टूटे हैं, मीटर के बाद तारों में करंट दौड़ा है।

    ऐसे हुआ हादसा

    प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात में यहां रहने वाले केयर टेकर का सुबह फोन नहीं लग रहा था। जिसके बाद परिजनों ने साइट पर आकर खोजबीन की। तब सामने आया कि केयर टेकर की करंट लगने से मौत हुई है। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ कई ग्रामीण भी साइट पर पहुंच गए। जब वह यहां पहुंचे तो पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान वहां दोबारा से करंट फैल गया। जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।

    सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

    सीएम पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घटना की विस्तृत और गहन जांच के भी निर्देश दिए।  उन्होंने डीएम चमोली से घटना की जानकारी ली।

    झुलसे लोगों को हायर सेंटर भेजने के लिए हेलिकॉप्टर भेजा गया

    सीएम धामी ने कहा कि झुलसे लोगों को देहरादून लाया गया है। उनके इलाज में कोई कमी नहीं होगी। उनके लिए हेलिकॉप्टर भेजा था। गंभीर रूप से झुलसे जल संस्थान के जेई संदीप मेहरा और सुशील कुमार को हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।

  • फिरोजाबाद : टोल प्लाजा पर लघुशंका को उतरीं सवारियों को छोड़कर चली गई बस, चालक की दबंगई पर महिला ने दिखाई ‘पावर’।

    फिरोजाबाद : टोल प्लाजा पर लघुशंका को उतरीं सवारियों को छोड़कर चली गई बस, चालक की दबंगई पर महिला ने दिखाई ‘पावर’।

    नोएडा से औरैया जा रही प्राइवेट स्लीपर कोच बस का चालक रविवार सुबह मथुरा टोल पर लघुशंका करने उतरे यात्रियों को छोड़कर चला गया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों से मारपीट भी हुई। इस दौरान एक महिला ने 1090 पर काल कर दी। इसके बाद पुलिस ने शिकोहाबाद मैनपुरी चौराहे पर बस को पकड़ लिया।

    स्लीपर कोच बस नोएडा से औरैया जा रही थी,,,,,,,

    रविवार सुबह छह बजे एक बस नोएडा से औरैया जा रही थी। बस में काफी सवारियां थीं। मथुरा टोल के पास महिलाओं को लघु शंका होने पर वह बस से उतरकर चली गई। लेकिन बस के स्टाफ महिलाओं को छोड़कर जाने लगा तो महिलाओं के स्वजन ने इसका विरोध कर दिया आरोप है कि विरोध करने पर बस के स्टाफ ने उनसे मारपीट कर दी।

    शिकायत 1090 वूमेन हेल्प पावर पर शिकायत,,,,,,,

    एक महिला ने इस मामले की शिकायत 1090 वूमेन हेल्प पावर पर कर दी। जिससे पुलिस सक्रिय हो गई। बस को मैनपुरी चौराहा पर पकड़ लिया गया।

    इधर मथुरा टोल से यात्री दूसरी बस से शिकोहाबाद पहुंचे। पीड़ितों ने तहरीर दी है। बस में सावरियां अधिक होने के चलते उसे जाने दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • वाराणसी लंका थाना क्षेत्र में सामने घाट पुल से युवक गंगा में कूदा, लाश का अभी तक पता नहीं

    वाराणसी लंका थाना क्षेत्र में सामने घाट पुल से युवक गंगा में कूदा, लाश का अभी तक पता नहीं

    वाराणसी में लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट स्थित गंगा पुल से अमन सेठ (22) गुरुवार की देर रात गंगा में कूद गया। वह सिगरा के शिवपुरवा का निवासी था।

    अमन सेठ ने अपना बैग पुल पर रख दिया था।राहगीरों की सूचना पर पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुट गई थी। लेकिन उसका पता देर रात्रि तक नहीं चला।

    अगले दिन शुक्रवार को भी युवक का पता अभी तक नहीं चला है। बैग से मिले कागजात से पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद पिता प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। और उनका रो रो कर बुरा हाल था।

    अमन सेठ चौक क्षेत्र में आभूषण की कारीगरी का काम सीखता था। दो भाइयों में वह छोटा था।