Author: News Editor
-

रेलवे स्टेशन से स्प्लेंडर बाइक चोरी
ऊंचाहार। रायबरेली। भाई को रेल गाड़ी पर बैठाने आए युवक की रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी हो गई। खोजबीन के बावजूद भी कहीं अता-पता ना चलने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। नेवादा, बाबूगंज निवासी अमरेश कुमार ने बताया कि रविवार की शाम वह ऊंचाहार एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहा था। जिसे उसका भाई उमेश कुमार पटेल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लेकर कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन पर रेलगाड़ी पर बैठाने आया हुआ था। मोटरसाइकिल रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी कर भाई को ट्रेन पर बैठा नहीं चला गया। इसी बीच उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद भी कहीं अता-पता ना चलने पर सोमवार की सुबह पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। कोतवाल आदर्श सिंह ने बताया कि बाइक का पता लगाया जा रहा है। -

एनएचएआई, बिजली परियोजना और खनन को ठहराया तबाही का जिम्मेदार, राष्ट्रपति को भेजा पत्र
कुल्लू
जिला कुल्लू में आठ से 11 जुलाई तक हुई भारी बारिश और बाढ़ से मची तबाही के जख्म एक माह भी हरे हैं। इसके लिए हिमालय नीति अभियान ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का पत्र लिख इस तबाही के लिए एनएचएआई, राज्य सरकार और पनबिजली परियोजनाओं के अवैज्ञानिक निर्माण को जिम्मेदार ठहयाया है। कहा कि एनएचएआई ने किरतपुर से मनाली तक अवैध रूप से जगह-जगह मलबा डंप किया।
वहीं पहाड़ियों को काटने के साथ-साथ नदियों में इतनी अधिक मात्रा में मलबा निस्तारण डंपिंग साइट के उचित प्रबंधन के बगैर किया जा रहा है। परियोजना निर्माण की गति में तेजी उचित भौगोलिक संज्ञान के बगैर अवैज्ञानिक रूप से लाई जा रही है। हिमालय नीति अभियान के अध्यक्ष कुलभूषण उपमन्यु और संयोजक गुमान सिंह ने राष्ट्रपति काे भेजे गए पत्र में कहा कि सड़क के चौड़ीकरण के दौरान कई हिस्सों में खड़ी पहाड़ी काटने से भूस्खलन में वृद्धि की है।
इसके अलावा बिजली प्रोजेक्टों के बांधों से बिना किसी सूचना के बड़ी मात्रा में पानी को छोड़ा जाना भी तबाही का कारण है। वहीं विकास के लिए सरकार, कारोबारियों और आम लोगों द्वारा नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किए गए हैं। साथ ही ब्यास किनारे में खनन भी नदी के प्रवाह में बदलाव का कारण बना है। इसने भी बाढ़ के प्रभाव को बढ़ाने में योगदान दिया है।
गुमान सिंह ने कहा कि 1992 में योजना आयोग द्वारा डॉ. एसजे कासिम की अध्यक्षता में गठित विशेष विशेषज्ञ समूह की रिपोर्ट में हिमालय में विकास के लिए दिशा-निर्देश प्रस्तुत किए गए थे। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा नियुक्त 2009 की अवय शुक्ल समिति की सिफारिशों को भी प्रभावी ढंग से कार्यान्वित नहीं किया गया है। इस तरह की घटनाओं के कारणों का आकलन और सत्यापन करने तथा संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए एक जांच आयोग बनाया जाए।
-

फ्लैट में लगी आग, कमरे में फंसे युवक को गेट तोड़कर बचाया
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की श्रीराधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर टी-9 के फ्लैट में रविवार सुबह आग लग गई। आग में एक युवक अंदर फंस गया जबकि दूसरा किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गया। बाहर निकले युवक ने अन्य निवासियों की मदद से फ्लैट के कमरे का गेेट तोड़कर दोस्त को बचाया। सोसोइटी निवासियों ने पानी का इंतजाम कर आग पर काबू पाया। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी का फायर सिस्टम खराब है। हादसे के दौरान फ्लैट के अंदर स्प्रिंक्लर भी नहीं चले। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
सोसाइटी के टावर-9 में अभिषेक शर्मा का 12वें फ्लोर पर फ्लैट है। फ्लैट में उनके दोस्त मृदुल और सिद्धार्थ रहते हैं। रविवार की सुबह जब दोनों उठे तो कमरे में आग लगी थी। आग फ्लैट के डाइनिंग एरिया समेत अन्य हिस्सों में पहुंच गई। मृदुल किसी तरह फ्लैट के बाहर आ गया, लेकिन सिद्धार्थ कमरे में फंस गया। धुंआ देखकर आसपास के निवासी और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। मृदुल ने लोगों की मदद से गेट तोड़कर सिद्धार्थ को बाहर निकाला। उसके बाद आग पर काबू पानी की कोशिश की। आरोप है कि आग से फ्लैट के अंदर लगे स्प्रिंक्लर नहीं चले। जिस कारण आग फैल गई। बाद में निवासियों ने बाथरुम और अन्य फ्लैटों से पानी लाकर आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये का सामान जल गया है। वहीं घटना के बाद से निवासियों में बिल्डर के खिलाफ काफी रोष है। उधर आग पर काबू पाने के काफी देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
-

यूपी में सबसे बेहतर होगा जिले का सरकारी अस्पताल-उप मुख्यमंत्री
नोएडा। जिले के सरकारी अस्पताल को उत्तर प्रदेश के सबसे बेहतर अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। मॉडल अस्पताल बनाने के लिए पैथोलॉजी जांच की सुविधा बढ़ाने से लेकर नए डॉक्टरों और स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। वहीं, सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई को दिल्ली-एनसीआर का सर्वश्रेष्ठ अस्पताल बनाया जाएगा। रविवार को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में आधुनिक टीकाकरण केंद्र व नियोनेटल इंटेसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) और सेक्टर-30 चाइल्ड पीजीआई में बीएसएल-3 लैब का उद्घाटन करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जनपद सरकार के लिए महत्वपूर्ण है। राजधानी दिल्ली से सटा होने के कारण यहां दिल्ली-एनसीआर से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। किसी भी बीमारी का मरीज उपचार और दवाओं के बिना अस्पताल से मायूस होकर नहीं लौटना पड़े और निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़े, इसके लिए सरकार सुविधाएं विकसित करने पर जोर दे रही हैं। जिला अस्पताल में जांच और उपचार के लिए चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने चाइल्ड पीजीआई के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। पीजीआई प्रशासन को इस संबंध में प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भंगेल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बेड का महिला अस्पताल जल्द शुरू करने की बात भी कही। इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जर्नादन सिंह, स्वास्थ्य विभाग मेरठ संभाव की अतिरिक्त निदेशक डॉ. अर्चना त्यागी मौजूद रहे।
-

गुरुग्राम से हटाई गई धारा 144
गुरुग्राम जिलाधीश निशांत कुमार यादव ने 31 जुलाई को नूंह जिला में हुए सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर गुरुग्राम जिला में लागू धारा 144 को हटाने के आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशों में कहा गया है कि 31 जुलाई को नूंह जिला में हुए सांप्रदायिक तनाव के मद्देनजर गुरुग्राम में अब, वर्तमान स्थिति के सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद और विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर, यह देखा गया है कि जिला गुरुग्राम में सामान्य स्थिति वापस आ गई है और सीआरपीसी की धारा 144 के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को जारी रखने की कोई आवश्यकता नहीं है।
जारी आदेशों में सभी नागरिकों को सलाह दी गयी है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। प्रशासन अपने निवासियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और शांति भंग करने के किसी भी प्रयास या सांप्रदायिक सद्भाव को खतरे में डालने वाले कृत्यों से कानून की पूरी सख्ती से निपटा जाएगा।
-

गाजियाबाद के पेट्रोल पंप पर लूटे गए मोबाइल से भेजे थे बदमाशों ने रुपये
ग्रेटर नोएडा। प्रबंधक को कार में बंधक बनाकर नकदी मोबाइल लूटने वाले तीन और बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीनों बदमाश दीपक चौहान, स्याना के तुषार, बुलंदशहर उमरावली के विक्रम सिंह शनिवार रात मुठभेड़ के दौरान भाग गए थे। मुठभेड़ में पुलिस की गोली से बुलंदशहर स्याना के निशांत तेवतिया, बहादुरगढ़ के दीपक चौहान उर्फ चीनू घायल हुए थे। बदमाशों ने गाजियाबाद के क्रासिंग रिपब्लिक स्थित पेट्रोल पंप पर लूटे गए मोबाइल से क्यूआर कोड के जरिए 48,300 रुपये का भुगतान कर रकम वापस लेकर आपस में बांट ली थी।
डीसीपी अनिल यादव ने बताया कि प्रबंधक अग्नय प्रताप सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई की रात वह नोएडा के मॉल से घर लौट रहे थे। वह सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन के पास रुके। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें घेरकर उनकी कार में ही बंधक बना लिया और रोड पर घुमाते रहे। बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया और पेटीएम का पिन नंबर पूछ कर बैंक अकाउंट से भी रुपये निकाल लिए थे। पकड़े बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने बाइक, पिस्टल, तमंचा, चाकू और लूटी गई रकम बरामद की है। आरोपियों ने शौक मौज के लिए वारदात की। -

नोएडा में पुलिस के ताबड़तोड़ एनकाउंटर, पांच दिन में छह बदमाशों को मारी गोली
नोएडा
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों पर ताबड़तोड़ एक्शन शुरु कर दिया है। इसकी ताजा बानगी पिछले एक हफ्ते में देखी गई है। जब महज पांच दिनों में पुलिस ने अलग-अलग थानाक्षेत्रों में अपराधियों पर सख्ती दिखाई है। जिसका नतीजा है कि आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुए हैं और जेल भेजे गए हैं।
बीते 2 अगस्त से कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में ये अभियान शुरु किया गया। जिसमें पहली मुठभेड़ बिसरख थाना क्षेत्र में हुई जिसमें चैन लूटने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गोली लगी। अगले दिन 3 अगस्त को बिसरख थानाक्षेत्र में ही एटीएस गोलचक्कर के पास पुलिस से मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ। 5 अगस्त को थाना सेक्टर 142 में पुलिस से मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी तो 6 अगस्त को दादरी पुलिस ने कार में सवारी बैठाकर लूटने वाले दो लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 6 अगस्त को ही थाना सेक्टर 58 पुलिस को एक बदमाश को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली तो देर रात सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
-

20 रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जाएगा, प्रधानमंत्री मोदी ने रखी आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार सुबह झारखंड में 20 रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। ये स्टेशन 27 राज्य के उन 508 रेलवे स्टेशन में शामिल हैं, जिनके पुनर्विकास की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से रखी है। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत झारखंड में जिन 20 स्टेशन को 886.7 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया जाएगा उनमें हटिया, पिस्का, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, लातेहार, पारसनाथ, कोडरमा, बोकारो स्टील सिटी, कुमारधुबी, साहिबगंज और घाटशिला शामिल हैं। वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्यिक प्रबंधक (रांची) निशांत कुमार ने बताया कि हटिया स्टेशन को 355 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया जाएगा, जबकि पिस्का स्टेशन के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 27 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
-

पर्यटकों के लिए लालकिला बंद, 300 बड़ी इमारतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात
नई दिल्ली
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने लालकिला की आंतरिक सुरक्षा की कमान संभाल ली है। वहीं, कार्यक्रम के मद्देनजर लालकिला को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, लालकिला पर आयोजित समारोह में इस बार जी-20 सम्मेलन की झलक दिखेगी। लालकिला परिसर और बाहरी इलाके में ऑटोमेटिक फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरसी) कैमरों सहित कई आधुनिक उपकरण लगेंगे। किसी भी संदिग्ध के कैमरे की जद में आने के बाद सिग्नल कंट्रोल रूम को मिल जाएगा। कंट्रोल रूम की निगरानी सुरक्षा एजेंसियों के हाथ में होगी। लालकिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी एनएसजी, एसपीजी, अर्धसैनिक बल के जवान और दिल्ली पुलिस के हाथ में है। 200 मीटर तक के दायरे में अर्धसैनिक बल की तैनाती होगी।
वहीं, आंतरिक और बाहरी इलाके में दिल्ली पुलिस भी निगरानी करेगी। ड्रोन से पूरे इलाके पर निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी गड़बड़ी की आशंका को लेकर दी जा रही खुफिया जानकारी के मुताबिक सुरक्षा के इंतजाम करने में जुटे हैं। लालकिला के आसपास पतंग के उड़ाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। करीब 300 बड़ी इमारतों पर दूरबीन से लैस सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। पिछले साल लालकिले के मुख्य गेट पर कंटेनर लगाए गए थे, लेकिन इस बार इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। एसपीजी ही अंतिम निर्णय लेगी।
होटलों व गेस्ट हाउस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस इलाके के होटलों व गेस्ट हाउस की लगातार जांच कर रही है। यहां आने वाले संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। मालिकों को साफ तौर पर कहा गया है कि आने वालों की पूरी जानकारी लेने के बाद ही उन्हें रहने की इजाजत दें। अगर किसी की भूमिका संदिग्ध लग रही है तो इसकी जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पुलिस आसपास रहने वाले किरायेदारों, दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों, नौकरों, चालकों व अन्य लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है। -

कन्नौज में भीषण हादसा: नशे में धुत कंटेनर चालक ने तीन को रौंदा
कन्नौज
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ से परचून का सामान लादकर दिल्ली जा रहे कंटेनर के चालक ने शराब के नशे में जीटी रोड पर आम नगला गांव के सामने तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे के बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दो पल्लेदारों की मौत हो गई। वहीं, चौकीदार को गंभीर हालत में 100 शैया अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पल्लेदारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर खास निवासी सुनील बाथम (34), ग्राम कुंअरपुर बनवारी निवासी विपिन कुमार जाटव (29) जीटी रोड पर आम का नगला गांव के सामने लता कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदार है तथा ग्राम महमूदपुर कीरत निवासी सत्यपाल (30) चौकीदारी करता हैं। रविवार की दोपहर लखनऊ से परचून का सामान लादकर कंटेनर दिल्ली जा रहा था।
घायल को मेडिकल कॉलेज तिर्वा किया रेफर
कंटेनर के चालक ने शराब के नशे में धुत होकर तेजी व लापरवाही से चलाते हुए तीनों को रौंद दिया। हादसे के बाद तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को एबुलेंस से 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने सुनील व विपिन कुमार को मृत घोषित कर दिया और सत्यपाल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया।शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे के बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पल्लेदारों के शवों पर उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंच गई और दोनों पल्लेदारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल अजय कुमार पाठक ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। मामले में जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।