नशे से दूर रहकर मेहनत के बल पर उज्ज्वल भविष्य बनाएं युवा, विकसित राष्ट्र के निर्माण में दें योगदान : विधायक विनोद भयाना

नशे से दूर रहकर मेहनत के बल पर उज्ज्वल भविष्य बनाएं युवा, विकसित राष्ट्र के निर्माण में दें योगदान : विधायक विनोद भयाना

नशे से दूर रहकर मेहनत के बल पर उज्ज्वल भविष्य बनाएं युवा, विकसित राष्ट्र के निर्माण में दें योगदान : विधायक विनोद भयाना


हांसी जिला के प्रथम वर्षगांठ पर होगा विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन

हरियाणा हांसी// राजेश सलूजा

हांसी में युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव का शुभारंभ विधायक विनोद भयाना ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन में सकारात्मक लक्ष्य निर्धारित करने, कड़ी मेहनत करने और अपने परिवार, समाज तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी ऊर्जा, प्रतिभा तथा संकल्प राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को अपनी क्षमता का सही दिशा में उपयोग करते हुए विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

महोत्सव के दौरान युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अधिकांश प्रस्तुतियां हरियाणवी संस्कृति, लोक परंपराओं और क्षेत्रीय कला पर आधारित रहीं। युवाओं ने हरियाणवी रागनी, लोकगीतों तथा गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और कई प्रस्तुतियों के दौरान दर्शक भी गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। विधायक ने प्रतिभागियों की कला, आत्मविश्वास और मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

अपने संबोधन में विधायक विनोद भयाना ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युवा एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां उसे अपने भविष्य के लिए सही निर्णय लेना है। नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर सकती है जबकि अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच जीवन में सफलता के रास्ते खोलती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और ऐसी गतिविधियों में भाग लें जो उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास तथा सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत बनाएं।

उन्होंने महोत्सव में बेटियों द्वारा नशे के विरुद्ध प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। युवाओं और बेटियों द्वारा दिए गए संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक युवा को जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

गुंजन यादव व नरेंद्र बेरवाल की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

विधायक विनोद भयाना ने हाल ही में यूथ ओलंपिक की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली हांसी क्षेत्र की बेटी गुंजन यादव एवं एशियन गेम्स के पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुंजन यादव व नरेंद्र बेरवाल ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया है और हांसी क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से गुंजन यादव व नरेंद्र बेरवाल जैसी प्रतिभाओं से प्रेरणा लेकर खेल, शिक्षा, कला और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

विधायक ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को आश्वस्त किया कि उनके विकास, शिक्षा, खेल और प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए सरकार, प्रशासन तथा उनकी ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी युवा को अपने लक्ष्य की प्राप्ति में किसी प्रकार की बाधा आती है तो उसे दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने यह भी घोषणा की कि हांसी जिला की वर्षगांठ के अवसर पर कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कवि सम्मेलन के आयोजन के लिए जल्द ही स्थान निर्धारित कर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी, ताकि जिले के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिवेश को प्रोत्साहन मिल सके।

विधायक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ें तथा अपने परिवार, समाज और देश के लिए गौरव का कारण बनें।
इस दौरान सीटीएम हिमांशु चौहान,प्राचार्य भूप सिंह, प्राचार्य अनुज पंघाल, एपीओ जितेंद्र बराड़, प्राचार्य सुरेश गुप्ता, लालूराम, रवि अरोड़ानसहित आईटीआई स्टाफ, जीआई व हज़ारों विद्यार्थी उपस्थित रहे।