डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान- 5.0 के अंतर्गत बलिया में पेंशनरों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित
37 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण- पत्र जारी,प्रमाण-पत्र तैयार करने में आने वाली समस्याओं का किया गया निराकरण
(संतोष कुमार सिंह )
बलिया :- पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र के प्रति जागरूक कर घर बैठे सरलता एवं सुविधापूर्वक प्रमाण-पत्र जमा करने हेतु प्रशिक्षित करने के उदेश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के लेखा विभाग द्वारा 2026 को बलिया में ‘डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5.0’ के अंतर्गत पेंशनरों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया | शिविर का संचालन वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी पूनम कुमारी,वरिष्ठ लेखाकार विकास कुमार पांडेय एवं कार्यालय सहायक प्रमोद कुमार द्वारा किया गया | शिविर में कुल 37 पेंशनरों ने सहभागिता की इस दौरान सभी प्रतिभागी पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) तैयार कर जारी किया गया साथ ही उन्हें डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने एवं जमा करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया |
शिविर के दौरान पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जनरेट करने में आने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई | इसके अतिरिक्त उनकी व्यक्तिगत समस्याओं एवं विभिन्न जिज्ञासाओं को गंभीरतापूर्वक सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया ||
