
नजफगढ़ में मानवता की मिसाल, टेंपल आफ लिबरलाइजेशन एंड वेलफेयर अलाइड ट्रस्ट ने सैकड़ों जरूरतमंदों को बांटे वस्त्र
नजफगढ़। सामाजिक सरोकारों को ज़मीन पर उतारते हुए टेंपल ऑफ लिबरलाइजेशन एंड वेलफेयर अलाइड ट्रस्ट (पंजीकृत) की ओर से नजफगढ़ क्षेत्र में भव्य वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों को सम्मानपूर्वक वस्त्र वितरित किए गए, जिससे क्षेत्र में सेवा और संवेदना का संदेश गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय बाटला ने अपने संदेश में कहा, “समाज तभी मजबूत बनता है जब उसके सक्षम लोग कमजोर वर्गों का सहारा बनें। टेंपल ऑफ लिबरलाइजेशन एंड वेलफेयर अलाइड ट्रस्ट का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति अभाव में न रहे। सेवा ही हमारा संकल्प है और सेवा ही हमारी पहचान।” उन्होंने सभी सहयोगियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए भविष्य में और व्यापक स्तर पर सेवा कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ट्रस्ट की महासचिव पिंकी कुंडू ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना ही ट्रस्ट का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यक्रम जारी रहेंगे।
इस अवसर पर अभिषेक राजपूत, सुनीता शर्मा, के.के. छाबड़ा सहित ट्रस्ट के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्य में भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
